कृष्णा पाण्डेय जिला ब्यूरो चीफ जीपीएम

(गौरेला-पेंड्रा-मरवाही) मरवाही थाना क्षेत्र के ग्राम कुम्हारी निवासी तुलेश्वर प्रजापति की संदिग्ध मौत का मामला एक बार फिर चर्चा में है। परिजनों ने इसे आत्महत्या नहीं बल्कि सुनियोजित हत्या बताते हुए पुलिस और प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाए हैं।

मृतक के परिजनों के अनुसार तुलेश्वर प्रजापति गांव की ही युवती संध्या रजक से विवाह करना चाहता था। दोनों के बीच प्रेम संबंध होने तथा अमरकंटक में साथ जाने की बात भी सामने आई है। बताया गया कि युवती के पिता दिनेश रजक इस रिश्ते के पक्ष में नहीं थे। इसी विवाद को लेकर पूर्व में तुलेश्वर के साथ मारपीट की घटना हुई थी, जिसकी रिपोर्ट उसने मरवाही थाने में दर्ज कराई थी।

परिजनों का कहना है कि 22 जनवरी 2026 की रात तुलेश्वर का शव एक महुआ पेड़ पर लटका मिला। उनका आरोप है कि शव की स्थिति आत्महत्या की नहीं लग रही थी। दोनों पैरों में रस्सी बंधी थी, आंखों पर पट्टी थी तथा गले पर कटने के निशान पाए गए थे। घटनास्थल पर ब्लेड और दस्ताने भी मिलने की बात कही जा रही है।

मृतक के परिवार ने राज रजक, सागर रजक और राजेश राय पर पूर्व में मारपीट और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि इन तथ्यों के बावजूद पुलिस ने कोई ठोस कार्रवाई नहीं की। परिजनों ने यह भी आरोप लगाया कि शिकायत करने पर उन्हें पुलिस की ओर से प्रताड़ित किया गया।

वहीं मरवाही के शासकीय चिकित्सक डॉ. मृत्युंजय सराफ द्वारा किए गए पोस्टमार्टम में मौत को आत्महत्या बताया गया था। मामले को लेकर पत्रकार कृष्णा पाण्डेय ने संबंधित अधिकारियों से संपर्क करने का प्रयास किया, लेकिन समाचार लिखे जाने तक उनका पक्ष प्राप्त नहीं हो सका।

नोट: आरोप परिजनों द्वारा लगाए गए हैं। मामले में पुलिस और प्रशासन का आधिकारिक पक्ष प्राप्त होना शेष है।